अर्जुन तेंदुलकर ने सीनियर टीम के लिए डेब्यू मैच में चटकाया विकेट

By: Dilip Kumar
1/15/2021 8:12:27 PM
नई दिल्ली

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई की ओर से सीनियर टीम में डेब्यू कर लिया है। तेंदुलकर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट 2021 के एलीट ई लीग ग्रुप मैच में हरियाणा के खिलाफ सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया। अर्जुन ने अपने डेब्यू मैच में हरियाणा के सलामी बल्लेबाज चैतन्य बिश्नोई को आउट कर पहला विकेट लिया। इस विकेट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। अर्जुन बल्लेबाजी के लिए भी उतरे थे, लेकिन उन्हें एक भी गेंद खेलने का मौका नहीं मिला और वह बिना कोई गेंद खेले नॉटआउट लौटे। अर्जुन ने 21 साल की उम्र में सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया है।

अर्जुन अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी के लिए क्वालीफाई कर लेंगे, क्योंकि उन्होंने मुंबई की टीम के लिए अपना डेब्यू कर लिया है। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अर्जुन को एक अन्य तेज गेंदबाज कृतिक हनागावाड़ी के साथ मुंबई की टीम में शामिल किया गया है, जिसका चयन सलिल अंकोला वाली चयन समिति ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कुल 22 खिलाड़ियों को चुने जाने की अनुमति के बाद किया। अर्जुन मुंबई के लिए विभिन्न उम्र के ग्रुप टूर्नामेंट में खेलते रहे हैं और वह उस टीम का भी हिस्सा थे जो आमंत्रण टूर्नामेंट खेलती है। अर्जुन को भारत की राष्ट्रीय टीम के नेट में भी गेंदबाजी करते हुए देखा गया और उन्होंने 2018 में श्रीलंका का दौरा करने वाली अंडर-19 टीम में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।


comments