प्रयागराज में बने सूर्य रथ का डीएम ने लिया जायजा, सूर्य रथ और घोड़ों की बताई महत्ता
By: Dilip Kumar
3/21/2023 8:32:01 PM
अलीगढ़ से राजपाल सिंह आर्य की रिपोर्ट। कलैक्ट्रेट में हो रहे सौन्दर्यीकरण कार्य में मंगलवार का दिन खासा मंगलमय रहा। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की देख-रेख कलैक्ट्रेट परिसर में सौन्दर्यीकरण चल रहा है। कलैक्ट्रेट परिसर में स्थापित होने वाले सूर्य रथ के लिए मंगलवार को सात घोड़े, सूर्य चक्र एवं एक पहिया अलीगढ़ पहुॅचे जिन्हें देखकर डीएम ने हर्ष व्यक्त किया।
डीएम ने कहा कि सूर्य देव हर सुबह अपने रथ पर सवार होकर पूर्व दिशा से सभी के लिए उजाला लेकर आते हैं। पुराणों के अनुसार सूर्य देव के रथ के सारथी अरुण हैं। सूर्य के रथ में जुते हुए घोड़ो के नाम गायत्री, भ्राति, उष्णिक, जगति, त्रिस्तप, अनुस्तप और पंक्ति है। शास्त्रों के अनुसार, सूर्य के ये सात घोड़े सप्ताह के सातों दिनों को दर्शाते हैं। इसके अलावा, सात घोड़ों का संबंध सात रंगों से सजे इन्द्रधनुष से भी है। उन्होंने कहा कि सूर्य देव के रथ की बात की जाए तो उनके रथ में मात्र एक पहिया है जो एक साल को दर्शाता है और पहिये में लगी 12 तीलियां 1 वर्ष के 12 महीनों को दिखलाते हैं।
डीएम ने बताया कि प्रयागराज में सूर्य रथ, घोड़ों, सूर्य चक्र एवं पहिये को कारीगर ऊधम सिंह द्वारा तैयार किया गया है। उन्होंने ऊधम सिंह की कारीगरी की सराहना करते हुए कहा कि जल्द ही सूर्य रथ की स्थापना कलैक्ट्रेट परिसर को और भव्यता प्रदान की जाएगी। विदित रहे कि जिलाधिकारी अपने दैनिक शासकीय कार्यों के साथ ही नियमित रूप से अमाइरा कंस्ट्रक्शन से मो0 शाहिद द्वारा कलैक्ट्रेट में कराए जा रहे सौन्दर्यीकरण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करते हैं और मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान करते हैं। डीएम ने सौन्दर्यीकरण कार्य में सहयोग के लिए विभागीय अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।