मोदी सरकार के 11 साल : पूर्व सांसद बिधूड़ी ने लगाई प्रदर्शनी, विकसित भारत संकल्प सभा
By: Dilip Kumar
6/23/2025 9:29:09 PM
कुलवंत कौर के साथ बंसी लाल की रिपोर्ट। दक्षिणी दिल्ली से पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्षों के प्रेरणास्पद नेतृत्व को समर्पित एक प्रदर्शनी एवं ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन अग्रवाल धर्मशाला, कालकाजी में किया। जिसमें दक्षिणी दिल्ली क्षेत्र से सैंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर रमेश बिधूड़ी ने अपने सम्बोधन में मोदी सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होनंे कहा कि यह एक आयोजन नहीं है, यह 140 करोड़ देशवासियों की मेहनत, उम्मीद और आत्मविश्वास का उत्सव है। यह उत्सव है उस 11 साल की यात्रा का, जब भारत ने नए सपने देखे, उन्हें साकार किया और दुनिया को दिखा दिया कि अगर इरादा पक्का हो, तो मंजिलें भी झुक जाती हैं। 2014 में जब मा0 नरेंद्र मोदी जी ने देश की बागडोर संभाली, तब देश में संकल्प तो था, लेकिन साधन नहीं। उम्मीदें थीं, पर ठोस योजना नहीं। आज भारत के पास स्पष्ट दिशा भी है, मजबूत नीति भी है, साधन भी है, योजनायें भी हैं और शानदार परिणाम हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” अब कोई नारा नहीं, यह हमारे देश की नई पहचान बन चुका है।
उन्होंने बताया कि पहले यह कहा जाता था कि एक रुपया भेजो, तो गरीब तक सिर्फ 15 पैसे पहुँचते हैं। आज मोदी सरकार ने बिना बिचैलियों के जन धन योजना से 25 लाख करोड़ रुपये बचाए हैं। कांग्रेस ने 30 साल में 2.5 करोड़ घर बनाए थे, मोदी सरकार ने सिर्फ 10 साल में 4.25 करोड़ पक्के घर दिए, ये सिर्फ छत नहीं है, ये आत्मसम्मान की नींव है। डब्ल्यु.एच.ओं. की रिपोर्ट के अनुसार 2014 तक 60 करोड़ लोग खुले में शौच करने को मजबूर थे, उसके बाद मोदी सरकार ने 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाकर माताओं और बहनों को सम्मान, स्वच्छता और आत्मगौरव दिया है। पिछले 8 वर्षों में उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ गैस कनेक्शन देकर हमारी गरीब बहनों को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई है और उन्हें सम्मान के साथ साफ हवा प्रदान की है। स्वास्थ्य की बात करें तो आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 करोड़ से अधिक गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिला है।
उन्होंने बताया कि देश में पहला एम्स 1956 में बना था। 1956-1999 तक एक भी नया एम्स बनाने के बारे में नहीं सोचा गया। 1999 में जब अटल जी की सरकार बनी तब पहली बार 6 नए एम्स पास किए गए। 2014 चुनाव के कारण सोनिया गांधी के राय बरेली से चुनाव लड़ने के कारण आनन फानन में 2012 में नए एम्स की घोषणा की गई जिसे मोदी जी ने 2018 में पूरा किया। 2014 में देशभर में मात्र 7 एम्स थे। 2014 के बाद मोदी जी ने 15 नए एम्स खोले हैं और आज देश में 22 एम्स क्रियांवित हैं। इसके साथ 1.5 लाख हेल्थ वेलनेस सेंटर बनाए गए हैं, और 44 करोड़ से अधिक लोग बीमा सुरक्षा से जुड़े हैं। अब गरीब को बीमारी से बचाना सरकार की जिम्मेदारी बन गई है। पीएम किसान योजना के तहत 11 करोड़ किसानों को 2.8 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में मिले हैं। अब किसान कर्ज में नहीं, सम्मान में जी रहा है। मातृत्व वंदना योजना ने 4 करोड़ माताओं को सहयोग दिया, और लखपति दीदी योजना से 3.6 करोड़ महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं।
उन्होंने बताया कि शिक्षा और कौशल विकास में भी बड़ी क्रांति आई है। जहाँ पहले देश में केवल 16 आई.आई.टी थे और 13 आई.आई.एम थे, आज मोदी जी के कारण 7 नए आई.आई.टी और 7 नए आई.आई.एम खुल चुके हैं। 256 नए मेडिकल कॉलेज भी खोले गये हैं जिनमें 66842 नई सीटें जोड़ी गई हैं। 5175 नए आई.टी.आई खोले गए हैं। 15 जुलाई 2015 को लॉंच किए गए स्कील इंडिया मिशन से अबतक 1.4 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षण मिल चुका है। स्टार्टअप इंडिया से 1.25 लाख से अधिक स्टार्टअप खड़े हुए हैं, जिनमें 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के प्रतीक श्री नितिन गड़करी जी के नेतृत्व में इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से बदलाव हुआ है 2014 तक प्रतिदिन सिर्फ 12 किलोमीटर सड़क बनती थी, आज 34 किलोमीटर प्रतिदिन सड़क बन रही है जो कि विश्व रिकॉर्ड है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, चारधाम योजना, ग्रीनफील्ड कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स ने देश को जोड़ने का काम किया है। पहले जो तीर्थ मार्ग केवल सीमित मौसम में खुले रहते थे, आज सभी ऋतुओं में सुगम यात्रा संभव है। 1947 से 2014 तक देश में कुल 91,000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बने थे, लेकिन मोदी सरकार ने सिर्फ 11 साल में 55,000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बना दिए।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 159 हो गई है। 2 लाख गांवों तक ब्रॉडबैंड पहुंचा है। आज 300 मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स काम कर रही हैं जो पहले केवल 2 थीं। बिधूड़ी ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह जी की मजबूत अगुवाई में सुरक्षा को नई परिभाषा मिली है। अनुच्छेद 370 हटाकर कश्मीर को मुख्यधारा में लाया गया। सी.ए.ए. जरिए सताए गए हिंदू, सिख, ईसाई, बौद्ध शरणार्थियों को नागरिकता दी गई। तीन तलाक पर कानून बना और मुस्लिम माता बहनों को न्याय मिला है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र आज 70 प्रतिशत शांत है, कश्मीर में पत्थरबाजी खत्म हो गई है और आतंकवाद की कमर टूटी है। 2016 में मोदी जी ने ओबीसी समाज के लिए बड़े कदम उठाए और उन्हें विशेष सम्मान दिया जो आज तक 60 सालों में किसी भी सरकार ने सोचा नहीं था।
उन्होंने बताया कि धार्मिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की बात करें तो 22 जनवरी 2024 को राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। यह केवल एक मंदिर नहीं, भारत की आत्मा की पुनर्स्थापना है जो 500 सालों से हर हिंदू के दिल में सपना था। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में गंगा से मंदिर का सीधा संपर्क बना, 400 प्राचीन भवनों का संरक्षण हुआ। उज्जैन में महाकाल लोक में 7 लाख वर्गफुट का भव्य सनातन संस्कृति का साक्षात रूप खड़ा हुआ। केदारनाथ और सोमनाथ के विकास कार्यों ने हमारी आस्था को आधुनिकता से जोड़ा है। वंदे भारत ट्रेन सांस्कृतिक और प्रगति का मेल बन चुकी है। हमारे देश में 136 वंदे भारत ट्रेन 180 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं है।
उन्होंने बताया कि विश्व का सबसे ऊँचा रेलवे पुल हमारे देश में चेनाब नदी पर बना है। 42000 किलोमीटर का रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन भी हो चुका है। भारत अब वैश्विक मंच पर केवल श्रोता नहीं, निर्णायक राष्ट्र है। जी-20 की अध्यक्षता भारत ने की। वेक्सीनेशन मैत्री से 100 देशों को वैक्सीन दी। चन्द्रयान-3 चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँचा। जब ईरान-इजराइल युद्ध छिड़ा, तो सिर्फ 48 घंटे में भारत ने सैकड़ों नागरिकों को सुरक्षित निकाला दृ ये है नया भारत है। 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक ने दुनिया को बता दिया, अब भारत निंदा प्रस्ताव नहीं, निर्णायक प्रहार करता है। अब ये नया भारत घर में घुसकर मारता है। क्योंकि मोदी हैं, तो मुमकिन है!