यूपी के बाद अब छत्‍तीसगढ़ में ऑक्‍सीजन की कमी से 3 बच्‍चों की मौत

By: Dilip Kumar
8/22/2017 1:42:16 AM
नई दिल्ली

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बाद अब छत्तीसगढ़ में कथित तौर पर तीन बच्चों की मौत ऑक्सीजन की कमी से हुई है। घटना रायपुर के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल की है। शुरुआती जांच के अनुसार हादसा ऑक्सीजन की कम मात्रा की वजह से हुआ है। हालांकि अधिकारियों ने इसे सिरे से नकार दिया है। गौरतलब है कि रायपुर का ये हॉस्पिटल तमाम स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस है। खबर के अनुसार हॉस्पिटल में राज्यभर से लोग इलाज के लिए यहां आते हैं। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

घटना बीते रविवार (20 अगस्त) की है। सूत्रों के अनुसार घटना ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी की लापरवाही की वजह से हुई है। जोकि तब शराब के नशे में था। जिसने ऑक्सीजन की सप्लाई रोक दी थी। घटना के बाद आरोपी रवि चंद्र को हॉस्पिटल से बर्खास्त कर दिया है। वहीं पुलिस उसे गिरफ्तार कर मामले में पूछताछ कर रही है। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। वहीं हॉस्पिटल प्रशासन का कहना है कि कर्मचारी की लापरवाही की वजह से हादसा हुआ है। वो ड्यूटी पर शराब के नशे में था और उसने ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित कर दी थी।

गौरतलब है कि राजधानी रायपुर स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल के शिष्शु ष्चिकित्सा विभाग में भर्ती तीन बच्चों की पिछले 24 घंटों में मौत हो गई है। अस्पताल में बच्चों की मौत की घटना के बाद राज्य में स्वास्थ्य विभाग के सचिव सुब्रत साहू ने आज (21 अगस्त) संवाददाताओं को बताया कि अस्पताल में भर्ती तीन बच्चों की मौत विभिन्न कारणों से हुई है। साहू ने बताया कि एक बच्चे की मौत कल दिन में साढ़े बारह बजे हुई। बच्चे का वजन काफी कम था और उसे अन्य दिक्कतें भी थीं।

वहीं दूसरे बच्चे की मौत दोपहर डेढ़ बजे हुई। इस बच्चे को सांस लेने में और हृदय से संबंधित तकलीफ थी। तीसरे बच्चे की मौत कल रात 10 बजे हुई। इस बच्चे को भी सांस लेने में तकलीफ थी।अधिकारी ने बताया  कि हालांकि इस घटना के बाद ऑक्सीजन आपूर्ति संयंत्र में तैनात एक कर्मचारी रवि चंद्रा को गिरफ्तार किया गया है। उसपर अपने काम में लापरवाही बरतने का आरोप है। साहू ने बताया कि कल शाम लगभग पांच बजे शिशु चिकित्सा विभाग में पदस्थ एक डॉक्टर ने देखा कि मुख्य ऑक्सीजन टैंक में ऑक्सीजन की मात्रा कम है। वह लेवल दो तक पहुंच गया था।

हालांकि इस दौरान ऑक्सीजन की आपूर्ति में व्यावधान नहीं आया था। इसके बाद डॉक्टर ने स्टाफ रवि चंद्रा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। कुछ देर बाद रवि चंद्र नशे की हालत में पाया गया। जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दूसरी तरफ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अस्पताल में बच्चों की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अफसरों को इस मामले की जांच का निर्देश दिया है। वहीं राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने आज यहां आरोप लगाया कि बच्चों की मौत की घटना में लीपापोती की जा रही है। शर्मा ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले भी यूपी के गोरखपुर में कथित तौर पर कई बच्चों की बच्चों की मौत ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई थी।


comments