28 जुलाई से सावन शुरू, 26 अगस्त को रक्षाबंधन

By: Dilip Kumar
6/12/2018 3:51:01 PM
नई दिल्ली

इस बार ज्येष्ठ मास में अधिमास (अधिक मास) होने से सभी तीज त्योहार 15 से 19 दिन बाद आएंगे। ज्येष्ठ में अधिमास 19 साल बाद आया है। इसके पहले 1999 में ज्येष्ठ मास में अधिमास आया था। अब 2037 में फिर से ज्येष्ठ में अधिमास आएगा। औसतन करीब तीन साल (32 माह, 16 दिन और चार घड़ी) के अंतर से अधिमास आता है। 2015 में आषाढ़ में अधिमास आया था। उसके बाद अब 2018 में आ रहा है। अधिमास में प्रतिष्ठा कर्म, विवाह आदि मंगल कार्य वर्जित होते हैं। व्रत, दान, उपवास पारायण आदि कार्य का पुण्य मिलता है।

अधिमास 13 मई से शुरू है, जो 16 जून तक चलेगा। इन दिनों मांगलिक कार्य और विवाह बंद हो जाते हैं। पंडित उमेश शास्त्री के अनुसार, सौर मास 365 दिन का होता है। जबकि चंद्रमास 354 दिन का। इस अंतर को पूरा करने के लिए हमारे धर्मशास्त्रों में अधिक मास की व्यवस्था की गई है। यह 32 माह, 16 दिन और चार घड़ी के अंतर से आता है। जिस महीने में सूर्य की संक्रांति नहीं होती, वह अधिमास के नाम से जाना जाता है। पंडित उमेश शास्त्री ने बताया कि जून की शुरुआत में चंद्रमा धनु राशि में शनि के साथ बैठा है। इससे शुरुआत के 15 दिनों में गर्मी का प्रभाव तेज रहेगा। मंगल ग्रह उच्च राशि के साथ मकर राशि में मौजूद है। सूर्य भी बुध के साथ वृषभ राशि में बैठा है। इसके प्रभाव से तेज गर्मी पड़ेगी।

16 जून तक अधिमास रहेगा। इस दौरान मांगलिक सभी कार्य बंद रहेंगे, 2037 में फिर ज्येष्ठ में अधिमास होगा। वहीं जिस साल अधिमास पड़ता है उस वर्ष नवविवाहिता भी तीज-त्योहार नहीं करती हैं। हालांकि कई जगहों पर अधिमास को शुभ भी माना जाता है, जहां शादी-विवाह को छोड़ कई मांगलिक कार्य किए जाते हैं। अधिमास होने के कारण ही तीज-त्योहार 15 से 19 दिन देर से शुरू हो रहे हैं।

गुरुपूर्णिमा (9 जुलाई - 27 जुलाई)

श्रावण मास (10 जुलाई - 28 जुलाई)

नागपंचमी (27 जुलाई - 15 अगस्त)

रक्षाबंधन (7 अगस्त - 26 अगस्त)

जन्माष्टमी (15 अगस्त - 3 सितंबर)

गणेश चतुर्थी (25 अगस्त - 3 सितंबर)

अनंत चतुर्दशी (5 सितंबर - 23 सितंबर)

श्राद्धपक्ष (6 सितंबर - 25 सितंबर)

नवरात्रि (21 सितंबर -10 अक्टूबर से)

विजयादशमी (30 सितंबर - 18-19 अक्टूबर)

शरद पूर्णिमा (4 अक्टूबर - 23 अक्टूबर)

करवा चौथ (8 अक्टूबर - 27 अक्टूबर)

धनतेरस (17 अक्टूबर - 5 नवंबर)

दीपावली (19 अक्टूबर - 7 नवंबर)


comments