वैज्ञानिक बोले स्वस्थ है बोधिवृक्ष

By: Dilip Kumar
12/1/2018 8:19:18 PM
नई दिल्ली

महाबोधि मंदिर स्थित बोधिवृक्ष पूर्ण रूप से स्वस्थ है। वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून के प्लांट पैथोलॉजिस्ट डॉ़ अमित पांडेय व सुरेश चंद्र ने शुक्रवार को बोधिवृ़क्ष के परीक्षण के बाद यह घोषणा की है। उन्होंने बताया कि समय पर नई पत्तियों के आने से स्पष्ट हो गया कि वृक्ष पूरी तरह स्वस्थ है। बीच में एक दो पत्तियां सूखना आम बात है। वैज्ञानिकों ने बोधिवृक्ष की रूटीन जांच की। इसके बाद कहा कि बोधिवृक्ष स्वस्थ है। इसकी मृत शाखाओं की छंटाई का काम विशेषज्ञ की देखरेख में हो रहा है। पिछली बार वैज्ञानिकों ने बोधिवृक्ष पर माइक्रो न्यूट्रिएंट्स का छिड़काव किया था।

संस्थान के वैज्ञानिकों ने बोधिवृक्ष की बेहतरी के लिए वृक्ष की सूखी डालियों और टहनियों को कटवाया और उस पर लेप करवाया था। इसके अतिरिक्त बोधिवृक्ष को उचित पोषण तत्वों की उपलब्धता के लिए सूक्ष्म पोषक तत्वों-जिंक, मैग्नीज, मैग्नेशियम व बोरोन का छिड़काव करवाया गया। बोधिवृक्ष की बेहतर और पारदर्शी संरक्षण की जिम्मेवारी वन अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों पर है। इसके बाद बोधिवृक्ष की नियमित देखभाल देहरादून के वैज्ञानिक कर रहे हैं।

 


comments