दिल्ली विधानसभा को ‘लिविंग हेरिटेज साइट’ के रूप में विकसित करने में पूरा सहयोग करेगा केंद्र

By: Dilip Kumar
6/4/2025 8:28:40 PM
नई दिल्ली

कुलवंत कौर के साथ बंसी लाल की रिपोर्ट। दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से भेंट की। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा को राष्ट्रीय महत्व की ‘लिविंग हेरिटेज साइट’ के रूप में विकसित करने के लिए संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय से मार्गदर्शन एवं सहयोग का अनुरोध किया। श्री शेखावत ने इस पहल की सराहना करते हुए मंत्रालय की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिल्ली विधानसभा का दौरा करेंगे तथा परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

बैठक के दौरान श्री गुप्ता ने माननीय मंत्री को अवगत कराया कि विधानसभा सचिवालय द्वारा भवन की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने एवं उसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विधानसभा परिसर को देश की समृद्ध विधायी परंपरा का प्रतीक बनाने की अपनी दूरदृष्टि साझा की। श्री गुप्ता ने 20 मई 2025 को दिल्ली विधानसभा में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक का उल्लेख किया, जिसमें संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों ने भाग लिया था। उस बैठक में तकनीकी एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने 23 मई 2025 को संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय व दिल्ली विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के बीच हुई सकारात्मक बैठक को भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति बताया।

श्री गुप्ता ने संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट को अंतिम रूप देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, जिससे यह ऐतिहासिक पहल समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ सके। केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत ने आश्वस्त किया कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शीघ्र ही दिल्ली विधानसभा का दौरा करेंगे और यहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।उन्होंने श्री गुप्ता को आश्वस्त किया कि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय दिल्ली विधान सभा के ऐतिहासिक महत्व को पुनः स्थापित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की की जाएगी।श्री शेखावत ने उम्मीद जताई कि दिल्ली विधान सभा न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश भर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।


comments