भारतीय तबलावादक संदीप दास ने जीता ग्रैमी अवॉर्ड

By: Dilip Kumar
2/14/2017 12:42:09 PM
नई दिल्ली

भारतीय तबला वादक संदीप दास ने 59वें ग्रैमी पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ विश्व संगीत श्रेणी में पुरस्कार जीता है। वह संगीतकार यो यो मा के एल्बम "सिंग मी होम" का हिस्सा थे। इस श्रेणी में भारतीय सितार वादक अनुष्का शंकर का एल्बम "लैंड ऑफ गोल्ड" भी नामित था, लेकिन वह पुरस्कार से चूक गईं। मशहूर सितार वादक पंडित रवि शंकर की पुत्री अनुष्का शंकर छठी बार अपने नामांकन को ग्रैमी पुरस्कार में तब्दील करने में नाकामयाब रहीं।

यो यो मा के "सिंग मी होम" की धुनें विश्वभर के विभिन्न कलाकारों ने तैयार की हैं। यह एल्बम यो यो के दी म्यूजिक ऑफ स्ट्रेंजर्स "यो यो मा एंड दी सिल्क रोड एनसेंबल" प्रोजेक्ट पर बनी डॉक्युमेंटरी का हिस्सा है। यो यो और दास के अलावा इस एल्बम में न्यूयॉर्क के रहने वाले सीरियाई शहनाई वादक किनान अजमेह का संगीत भी है। अजमेह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यात्रा प्रतिबंध के आदेश के बाद विदेश में फंस गए थे। आदेश पर अदालती रोक के बाद अजमेह अमेरिका लौट सके। पुरस्कार के मौके पर दास ने कहा कि एनसेंबल ने एकता और एक-दूसरे की संस्कृतियों के सम्मान का प्रभावशाली संदेश दिया है।

ग्रैमी पुरस्कारों में ब्रिटिश गायिका एडेल का जलवा रहा। उन्हें पांच श्रेणियों में नामांकन मिला था, जिसमें से वे सभी श्रेणियों में पुरस्कार जीतने में सफल रहीं। उन्हें गायिका बियोंसे पर आश्चर्यजनक जीत मिली। हालांकि एडेल ने यह कहते हुए अपनी ट्रॉफी के दो टुकड़े कर दिए कि बियोंसे उनसे ज्यादा महान हैं और वह बियोंसे के साथ ट्रॉफी को साझा करना चाहती हैं।

ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार बाफ्टा में निर्देशक डेमियन शेजेल की "ला ला लैंड" छाई रही। फिल्म ने सर्वश्रष्ठ फिल्म एवं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री समेत पांच पुरस्कार अपने नाम किए। वहीं भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता देव पटेल को फिल्म "लॉयन" के लिए सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया। "ला ला लैंड" 26 फरवरी को ऑस्कर में भी मजबूत दावेदार है। ऑस्कर में फिल्म को रिकॉर्ड 14 नामांकन मिले हैं। "ला ला लैंड" के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार एमा स्टोन को मिला। केसी अफ्लेक को "मैनचेस्टर बाय द सी" के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया।

प्रतिष्ठित ग्रैमी व बाफ्टा अवॉर्ड समारोहों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप निशाने पर रहे। मशहूर गायिका जेनिफर लोपेज ने कहा कि वर्तमान समय में सभी लोगों को एकजुट रहने की जरूरत है। वहीं, ग्रैमी अवॉर्ड के होस्ट जेम्स कॉर्डन ने कह दिया, "राष्ट्रपति ट्रंप के चलते हम नहीं जानते कि अगले पल क्या होगा।" अमेरिकी गु्रप "ए ट्राइब कॉल्ड क्वेस्ट" ने ट्रंप को "प्रेसीडेंट एजेंट ऑरेन्ज" तक करार दिया और विफल प्रतिबंध पर उनका अभिवादन किया। बाफ्टा समारोह में भी होस्ट ने अभिनेत्री मेरिल स्ट्रिप की ओर संकेत करते हुए ट्रंप को लेकर टिप्पणी की।

गौरतलब है कि गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड के समय मेरिल ट्रंप की आलोचना कर सुर्खियों में थीं। मेरिल की टिप्पणी पर ट्रंप ने उन्हें अहंकारी तक करार दे दिया था। ग्रैमी समारोह में ट्रंप के समर्थन में भी लोग दिखे। गायिका और गीतकार जॉय विला ने रेड कारपेट पर "मेक अमेरिका ग्रेट अगेन" व "ट्रंप" लिखी हुई ड्रेस प्रदर्शित की।

 


comments