केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में करोड़ों की परियोजनाओं को मंजूरी

By: Dilip Kumar
5/16/2018 6:00:55 PM
नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सरकार ने कई प्रोजेक्टों को मंजूरी दी है। नोएडा में सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मजबूत बनाने की पहल करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर का विस्तार नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा सेक्टर 62 तक करने को मंजूरी प्रदान कर दी।

दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर को 6.675 किलोमीटर तक बढ़ाया जाएगा। इस पर 1967 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें भारत सरकार की हिस्सेदारी 340.60 करोड़ रुपये होगी। इस परियोजना को दिल्ली मेट्रो रेल निगम पूरा करेगी।

पत्रकारों के साथ बात करते हुए सूचना एवं प्रोद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा सेक्टर 62 तक मेट्रो को विस्तारित करने का फैसला किया है। साथ ही हरियाणा के नंगल चौधरी के निकट फ्रेट गांव को एकीकृत मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की योजना को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।
देवघर में एम्स बनाने की मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने झारखंड के देवघर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) बनाने की मंजूरी दी है। इसमें 750 बेड होंगे, इसे 45 महीने में तैयार किया जाएगा। इसके लिए 1100 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। बता दें कि एम्स के निर्माण से न केवल झारखंड बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी इससे फायदा होगा। एम्स के निर्माण के बाद यहां के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
कैबिनेट की बैठक कुछ और भी बड़े फैसले लिए हैं जो इस प्रकार हैं।

- नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा सेक्टर 62 तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी, इसके लिए 1967 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।

- झारखंड के देवघर में नया एम्स तैयार किया जाएगा। इसमें 750 बेड होंगे, इसे 45 महीने में तैयार किया जाएगा। 1100 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।

- डिफेंस सेक्टर को नेटवर्क स्पेक्ट्रम के लिए 11,330 करोड़ मंजूर।

- दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में लॉजिस्टिक हब को मंजूरी दी गई है।

- 1504 किमी के वेस्टर्न फ्रेट (माल ढुलाई) कॉरिडोर में फ्रेट गांव भी तैयार किए जाएंगे।

- हरियाणा के नंदनाल चौधरी गांव को फ्रेट गांव की तरह विकसित किया जाएगा। इस कॉरिडोर के लिए 1029.49 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

- सूक्ष्म सिंचाई योजना के लिए 5000 करोड़ रुपए के फंड को मंजूरी दी गई है।

20 नए एम्स अस्पताल को मंजूरी दी गई थी

आपको बता दें कि इससे पहले भी कैबिनेट की ओर से करीब 20 नए एम्स अस्पताल को मंजूरी दी गई थी। वहीं कृषि विभाग की जो अलग-अलग योजनाएं चलती थीं, ऐसी 11 योजनाओं को मिलाकर एक नई योजना 'हरित क्रांति कृष्णोत्ति योजना' को लाया जाएगा। इसमें केंद्र का बजट भी बढ़ाया गया है। हरित क्रांति कृषि उन्नति योजना के लिए 2019-20 तक 33,273 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

यहां जल्द शुरू होगी मेट्रो सेवा

यहां यह भी बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की मजेंटा लाइन पर जनकपुरी वेस्ट-कालकाजी मंदिर सेक्शन के खुलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर आई है। मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त ने जनकपुरी पश्चिम और कालकाजी मंदिर के बीच 25.6 किलोमीटर लंबे मार्ग पर मेट्रो ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। ऐसे में अब इस मेट्रो खंड पर जल्द ही सेवा शुरू हो जाएगी। हालांकि, मेट्रो सेवा शुरू करने की तारीख का एलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही इसके लिए तारीख तय हो जाएगी।
सफर होगा आसान

बता दें कि मजेंटा लाइन के इस खंड में 16 स्टेशन हैं, जिनमें दो इंटरचेंज- हौजखास (यलो लाइन के साथ) एवं जनकपुरी पश्चिम (ब्लू लाइन के साथ) स्टेशन शामिल हैं। पूरी मेजेंटा लाइन पर कुल 25 स्टेशन हैं, लेकिन इस समय कालकाजी मंदिर और बॉटेनिकल गार्डन (नोएडा) के बीच ही मेट्रो सेवा दी जा रही है। नए खंड में सेवा शुरू होने पर बॉटेनिकल गार्डन और जनकपुरी पश्चिम के बीच सीधा सफर शुरू हो जाएगा। मजेंटा लाइन से पश्चिमी एवं दक्षिणी दिल्ली और गुरुग्राम, फरीदाबाद एवं नोएडा के बीच सफर का समय कम हो जाएगा।


comments