अंबरनाथ शिव मंदिर : एक रात में बना मंदिर

By: Dilip Kumar
7/27/2019 6:54:41 PM
नई दिल्ली

अंबरनाथ मंदिर, महाराष्ट्र महाराष्ट्र का अंबरनाथ मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। मंदिर में मिले एक शिलालेख के अनुसार इसका निर्माण 1060 ईस्वी में शिलाहट के राजा मांबणि ने करवाया था। वहां के स्थानीय निवासी इस मंदिर को पांडवकालीन मानते हैं। यह थाना जिले के कल्याण तालुका के अंबरनाथ कस्बे में स्थित है। जिसे कोंकण का सर्वप्राचीन देवालय माना जाता है।

यह मंदिर प्राचीन हिन्दू शिल्पकला की ज्वलंत मिसाल है। ग्यारहवीं शताब्दी के मध्य में बने अंबरनाथ शिव मंदिर के बारे में कहा जाता है कि इसके जैसा मंदिर पूरी दुनिया में और कहीं नहीं। जिस तरह की जटिलता के साथ राजस्थान के आबू का दिलवाड़ा मंदिर बना है, वैसी ही जटिलता इसकी शिल्पकला में भी है। यह मंदिर वलधान नदी के तट पर है और इसके चारों ओर आम तथा इमली के पेड़ हैं। इस मंदिर के बाहर दो नंदी बने हैं। मंदिर की मुख्य मूर्ति त्रैमस्तिकी है, इसके घुटने पर एक नारी है, जो शिव—पार्वती के स्वरूप को दर्शाती है। वलधान नदी के तट पर बना मंदिर इमली और आम के पेड़ों से घिरा हुआ है। मंदिर की वास्तुकला उच्चकोटि की है। यहां वर्ष 1060 ई. का एक प्राचीन शिलालेख भी पाया गया है। इस नगर में आप दियासलाई के कारखानों का भ्रमण भी कर सकते हैं।

एक रात में बना मंदिर

अंबरनाथ की जड़ें महाभारत काल तक जाती हैं। लोकोक्ति है कि पांडवों ने अपने अज्ञातवास के सबसे दूभर कुछ वर्ष अंबरनाथ में बिताए थे और यह पुरातन मंदिर उन्होंने एक ही रात में विशाल पत्थरों से बनवा डाला था। कौरवों द्वारा लगातार पीछा किए जाने के भय से यह स्थान छोड़कर उन्हें जाना पड़ा। मंदिर फिर पूरा नहीं हो सका। आसमान के साथ स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन कराने वाला गर्भगृह के- जो मंडप से 20 सीढिय़ां नीचे है, ठीक ऊपर शिखर का न होना इस धारणा को पुष्ट करता है। अंबरनाथ मंदिर की तुलना आबू के दिलवाड़ा, उदयपुर के उदयेश्वर और सिन्नर के गोंडेश्वर मंदिरों से की जाती है।

मन्दिर में दर्शन का समय

मंदिर दिनभर दर्शनों के लिए खुला रहता है। माघ के महीने में शिवरात्रि के अवसर पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है।

कैसे पहुंचें

मुंबई सेंट्रल और दादर स्टेशन अंबरनाथ लाइन से 52 किलोमीटर दूर है। यहां लगभग हर एक घंटे में ट्रेन आती है। महाराष्ट्र के हर शहर से यहां के लिए बस सेवा भी उपलब्ध है।

 


comments