चंद्रमा की कक्षा में 20 अगस्त को पहुंचेगा चंद्रयान-2

By: Dilip Kumar
8/19/2019 12:59:57 PM
नई दिल्ली

चंद्रयान-2 चंद्रमा की कक्षा में 20 अगस्त को पहुंच जाएगा। 22 जुलाई को लॉन्च हुए इस मिशन ने इससे पहले 23 दिन पृथ्वी के चक्कर लगाए थे। इसके बाद चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने में इसे 6 दिन लगे। चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने के बाद यान 13 दिन तक चक्कर लगाएगा। 4 दिन बाद यानी संभवत: 7 सितंबर को वह चांद की सतह पर पहले से निर्धारित जगह पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। वैज्ञानिकों के मुताबिक, चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग इसरो के लिए इस मिशन की सबसे बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि वहां हवा नहीं चलती और गुरुत्वाकर्षण बल भी हर जगह अलग-अलग होता है।

अंतरिक्ष वैज्ञानिक पीएस गोयल बताते हैं कि चांद का वातावरण पृथ्वी की तरह नहीं है। पृथ्वी पर हजारों फीट की ऊंचाई से हम पैराशूट की मदद से नीचे आ सकते हैं, क्योंकि यहां हवा है और गुरुत्वाकर्षण बल है। चांद पर हवा नहीं है। ग्रेविटेशनल फोर्स भी हर जगह अलग-अलग है। ऐसे में 1.5 किमी/सेकंड की रफ्तार से घूम रहे ऑर्बिट से चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कैसे की जाए, यह बड़ा चैलेंज होगा। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर बड़े-बड़े बोल्डर्स, क्रेटर्स हैं, जहां क्रैश होने का खतरा ज्यादा है।


comments