बिहार में फिर मिली विष्णु प्रतिमा,पाल काल से संबंध

By: Dilip Kumar
5/16/2020 8:17:01 PM
नई दिल्ली

बिहार के शेखपुरा में सदर प्रखंड अंतर्गत लोदीपुर-धेवसा गांव में तालाब की खुदाई के दौरान एक चार फीट की भगवान विष्णु की प्रतिमा निकली है। प्रतिमा निकलने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और प्रतिमा को गांव स्थित मंदिर में स्थापित कर पूजा अर्चना शुरू कर दिया है। इसके पूर्व भी वर्ष 2018 में तालाब खुदाई के दौरान तीन फीट का शिवलिंग निकला था। चमकीले पत्थर से बने इस विष्णु प्रतिमा के चारों हाथों में शंख, चक्र, गद्दा और पदम् है। वहीं, विष्णु प्रतिमा के इर्द-गिर्द छोटी-बड़ी कई प्रतिमाएं भी बनी हुई हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तालाब का पिछले लगभग 15 दिनों से मिट्टी खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को खुदाई की मिट्टी को गांव में गिराने के क्रम में भगवान विष्णु की 4 फिट ऊंची प्रतिमा मिली है। इस बात की सूचना मिलते ही गांव समेत आसपास के इलाके के लोग जुट गए एवं प्रतिमा की एक झलक देखने के लिए लोगों के बीच आपाधापी मच गयी। ग्रामीण भगवान विष्णु की प्रतिमा निकलना शुभ मान रहे हैं। इसको लेकर गांव में उत्सव का माहौल देखा जा रहा है। बताया जाता है कि इसी तालाब से वर्ष 2018 में खुदाई के क्रम में लगभग 3 फीट का शिवलिंग मिला था।

 

 


comments