अलीगढ़ में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस, मण्डलायुक्त ने कमिश्नरी में किया ध्वजारोहण
By: Dilip Kumar
1/26/2025 5:25:17 PM
राजपाल सिंह आर्य की रिपोर्ट। 76वां गणतंत्र दिवस जिले भर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने कमिश्नरी में ध्वजारोहण के उपरान्त तिरंगे को सलामी दी। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियां दीं। आयुक्त अलीगढ़ मण्डल अलीगढ़ संगीता सिंह ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कमिश्नरी प्रांगण में ध्वजारोहण करने के उपरांत उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस का यह पावन पर्व स्वाधीनता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद दिलाने के साथ ही संविधान के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का गणतंत्र दिवस विशेष है क्योंकि हम भारतीय संविधान की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। 26 नवंबर 1949 को हमारा संविधान अंगीकृत हुआ, और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। यह 75 वर्षों का सफर केवल समय का नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक और सामाजिक प्रगति का गवाह है।
हमारा संविधान सिर्फ एक दस्तावेज़ नहीं है, यह हमारे अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों का प्रतीक है। यह वह शक्ति है, जिसने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में बांध कर रखा है। पिछले 75 वर्षों में संविधान ने न केवल हमारे लोकतंत्र को सशक्त बनाया, बल्कि इसे हर नागरिक के लिए अवसरों और समानता का मंच भी प्रदान किया। इसमें समाज के हर वर्ग-महिलाओं, दलितों, पिछड़ों, और युवाओं को प्रतिनिधित्व और अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान हमें यह याद दिलाता है कि अधिकारों के साथ-साथ हमारे कर्तव्य भी हैं। यदि हम ’’हम भारत के लोग’’ मिलकर अपने कर्तव्यों का पालन करें, तो भारत को विकास और समृद्धि के उच्च शिखर पर पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। संविधान के 76वें वर्ष में हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम इसके आदर्शों का पालन करेंगे और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए और मजबूत बनाएंगे। यह समय आत्मचिंतन का भी है कि हमने संविधान के उद्देश्यों को कितना साकार किया और क्या बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज, इस ऐतिहासिक वर्ष में, हम न केवल अपने अतीत पर गर्व करें, बल्कि एक बेहतर भविष्य का निर्माण करने का प्रण लें। यही हमारे संविधान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम का संचालन नीलम शर्मा द्वारा किया गया।
इनको दिए गए प्रमाण पत्र:
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 24 जनवरी को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाई गई उत्कृष्ट प्रदर्शनी के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के कौशलेन्द्र सिंह, सतीश कुमार सिंह, विवेक कुमार, हेमलता गुप्ता, प्रियंका अग्रवाल, फहमीना मुईन, शुभ्रा गोयल, अशोक कुमार, अफरोज गौरी, सना आरिफ, नाजिआ इशाक, शालिनी चौधरी, यतीश गुप्ता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन अरूण कुमार, अपर आयुक्त प्रथम बी0के0 सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव, प्रशासनिक अधिकारी संजय गौड़, नाज़िर अरुण प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।