दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उपराष्ट्रपति धनखड़ से की शिष्टाचार भेंट
By: Dilip Kumar
7/14/2025 3:43:24 PM
कुलवंत कौर के साथ बंसी लाल की रिपोर्ट। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज उपराष्ट्रपति भवन में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट लोकतांत्रिक संवाद और संस्थागत सहयोग की भावना को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में विधायी प्रणाली को सुदृढ़ करना है। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने माननीय उपराष्ट्रपति को दिल्ली विधानसभा के संचालन को आधुनिक और पारदर्शी बनाने हेतु किए जा रहे विभिन्न ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी प्रयासों की जानकारी दी। श्री गुप्ता ने माननीय उपराष्ट्रपति को “दिल्ली विधानसभा का 100 दिनों के कार्यकाल पर विरासत से विकास की ओर” शीर्षक से प्रकाशित एक विशेष बुकलेट भी भेंट की।
विधानसभा अध्यक्ष ने नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (NeVA) के अंतर्गत विधानसभा को पूर्णतया डिजिटल बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य कागज़रहित वातावरण सुनिश्चित करना, सदस्यों के बीच रीयल-टाइम संचार को संभव बनाना और विधायी कार्य प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं कुशल बनाना है।श्री गुप्ता ने विधानसभा परिसर को सौर ऊर्जा से पूर्णतः संचालित करने की योजना के बारे मे बताया।500 किलोवॉट की सोलर पावर परियोजना के माध्यम से पूरा विधानसभा परिसर अब नवीकरणीय ऊर्जा पर कार्य करेगा, जो सतत और पर्यावरण अनुकूल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना ऊर्जा संरक्षण के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है और सार्वजनिक क्षेत्र में हरित बुनियादी ढांचे की एक अनुकरणीय मिसाल पेश करती है।
इसके अतिरिक्त, श्री गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा को विरासत परिसर के रूप में विकसित करने के एक दूरदर्शी प्रस्ताव की भी जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य विधानसभा की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत को संरक्षित करते हुए इसे एक आधुनिक नागरिक स्थल के रूप में विकसित करना है, जो जनता की भागीदारी को प्रोत्साहित करेगा और दिल्ली की लोकतांत्रिक यात्रा का एक जीवंत स्थल बनेगा। माननीय उपराष्ट्रपति ने इन सभी पहलों की सराहना की और राज्य स्तर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को और सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।