देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में भीषण सर्दी और शीतलहर

By: Dilip Kumar
12/31/2019 1:46:10 PM
नई दिल्ली

देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में भीषण सर्दी और शीतलहर जारी है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, दिल्ली और चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई जगह न्यूनतम पारा 5° तक पहुंच गया। झारखंड में सर्दी से इस सीजन में 15 लोगों की मौत हुई, तो वहीं पंजाब में कोहरे के चलते हुए हादसों में 12 लोगों की जान चली गई। रेल और विमान सेवाओं पर भी खासा असर पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश मे सर्दी से थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में सर्दी बढ़ने की आशंका है। सभी जगह कोहरा भी बरकरार रहेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3° से नीचे दर्ज किया। वहीं घने कोहरे के चलते दिल्ली-एनसीआर में दृश्यता घटकर 25 मीटर तक रह गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में कोहरा बढ़ने की आशंका जताई है। 

राजस्थान: 1° तापमान के साथ सीकर सबसे ठंडा

मंगलवार सुबह राज्य के सभी शहरों के तापमान में 1° से 2° की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे कम तापमान सीकर में 1° सेल्सियस रहा। सुबह के राज्य के अधिकांश इलाकों में कोहरा रहा। सोमवार को जयपुर से दो घंटे तक उड़ानें बाधित रही थीं। 1 ट्रेन भी रद्द रही, जबकि 7 देरी से चलीं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में शीतलहर जारी रहेगी। हालांकि पारे में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश: भारी बर्फबारी से सर्दी बढ़ी

पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद राज्य में सर्दी बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति में तापमान -24° सेल्सियस पहुंच गया, तो वहीं राजधानी शिमला का तापमान भी 2° रहा। रोहतांग दर्रा और केलांग में भी तापमान शून्य से काफी नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

मध्य प्रदेश: सर्दी से पाला पड़ने की आशंका

प्रदेश के उत्तर, पूर्वी और मध्य भाग के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 10° से नीचे बना हुआ है। हालांकि पश्चिमी मध्यप्रदेश में इंदौर का तापमान 10.8° सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिन तक भाेपाल, उज्जैन, इंदाैर, हाेशंगाबाद, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, रीवा, शहडाेल में शीतलहर चलेगी। अगले 24 घंटों में कहीं-कहीं बारिश के भी आसार हैं।

उत्तर प्रदेश: मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी

सोमवार को सहारनपुर और सुल्तानपुर सबसे ज्यादा ठंडे रहे, यहां न्यूनतम तापमान 4° सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सोमवार रात को कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बिजनौर, आगरा और बांदा में तापमान में और भी कमी आई। कानपुर देहात, उन्नाव, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर में भी ठंडी हवाएं चलती रहीं।

झारखंड: ठंड से अब तक 15 लोगों की मौत

राज्य में शीतलहर जारी है। रविवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ठंड से 7 लोगों की मौत हो गई। पिछले 3 दिनों में सर्दी से 15 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि पिछले 2 दिनों में धूप निकलने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन शीतलहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जनवरी को बादल छाने और 2 जनवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में बारिश के आसार हैं।

बिहार: कोहरे से 17 ट्रेन लेट, 13 रद्द

कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी है, जिससे कई गाड़ियां घंटों की देरी से चल रही हैं। 17 ट्रेनें 2 से 7 घंटे तक विलंब से पटना पहुंचीं। इसके अलावा, 13 गाड़ियों को रद्द कर दिया गया। वहीं पटना में खराब मौसम से हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है। रविवार को चेन्नई से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट 5 घंटे और मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची। कोलकाता से आने वाली गोएयर की फ्लाइट 2 घंटे और मुंबई से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट पौने दो घंटे लेट आई। शीतलहर के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं।


comments