9 जुलाई की देशव्यापी हड़ताल में मनरेगा मजदूरों से बढ़-चढ़ के हिस्सा लेने का आह्वान!

By: Dilip Kumar
7/7/2025 1:30:48 PM
नई दिल्ली

कुलवंत कौर के साथ बंसी लाल की रिपोर्ट। नरेगा संघर्ष मोर्चा संयुक्त मंच केंद्रीय ट्रेड यूनियन व स्वतंत्र फेडरेशन और संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 09 जुलाई 2025 को घोषित देशव्यापी आम हड़ताल की सभी प्रमुख मांगों का समर्थन करता है।  नरेगा संघर्ष मोर्चा संयुक्त मंच और संयुक्त किसान मोर्चा के मांग-पत्र में मनरेगा मजदूरों की मांगों को शामिल करने का स्वागत करता है। चूंकि मनरेगा मजदूर देश के सबसे बड़े एकल कार्यबल में से एक हैं, जिसमें मजदूर-वर्ग के सबसे वंचित वर्ग – महिलाओं, आदिवासियों और दलितों, का भारी प्रतिनिधित्व है, इसलिए राष्ट्रव्यापी मजदूर-किसान गठबंधन बनाने के लिए उनकी भागीदारी बहुत आवश्यक है।

नरेगा संघर्ष मोर्चा देश भर के मनरेगा मजदूरों से अपनी प्रमुख मांगें लेकर 9 जुलाई की आम हड़ताल में भाग लेने का आह्वान करता है, जो इस प्रकार हैंः

1. मनरेगा मजदूरी बढ़ाकर प्रतिदिन ₹800 करो!

2. पश्चिम बंगाल में मनरेगा का काम तुरंत शुरू करो और मनरेगा अधिनियम की धारा 27 को निरस्त करो!

3. डिजिटल उपस्थिति (एनएमएमएस) और आधार आधारित भुगतान प्रणाली (एबीपीएस) सहित सभी श्रमिक विरोधी तकनीकी आदेशों को समाप्त करो!

4. काम के 15 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करो, और भुगतान में हर देरी का मुआवजा दो!

5. ग्रामीण विकास पर संसदीय स्थाई समिति की सभी सिफारिशों को लागू करो!

6. मनमाने ढंग से हटाए गए सभी जॉब कार्ड को बहाल करो!

देश भर में मनरेगा मजदूरों और यूनियनों की आवाज का बेहतर प्रतिनिधित्व करने के लिए, निम्नलिखित लोग पूरे भारत में नरेगा संघर्ष मोर्चा और उसके घटकों की ओर से समन्वय करेंगेः अधिराज (नरेगा संघर्ष मोर्चा, दिल्ली), ऋचा (संगतिन किसान मजदूर संगठन, उत्तर प्रदेश)।


comments