शौचमहल’ और ‘फूलकुमारी निवास’ के बाद अब “मोदीमहल” की नयी पेशकश
By: Dilip Kumar
7/8/2025 9:09:58 PM
कुलवंत कौर के साथ बंसी लाल की रिपोर्ट। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दिल्ली भाजपा पर एक बार फिर करारा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के ऐशो-आराम का यह दौर ‘शौचमहल’ और ‘फूलकुमारी निवास’ के बाद अब ‘मोदीमहल’ तक पहुंच चुका है। देवेन्द्र यादव ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा द्वारा महरौली, बाहरी और पश्चिमी दिल्ली में तीन नये जिला कार्यालयों के डिजिटल उद्घाटन पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि जहां दिल्ली की जनता मूलभूत सुविधाओं, स्कूल, अस्पताल, सड़क, फ्लाई ओवर की प्रतीक्षा में है, वहीं भाजपा नेताओं को केवल अपनी भव्य इमारतें और ऐशो आराम की सुविधाएं जुटाने में जुटी हुई है। उन्होंने जिला कार्यालयों को ‘मोदीमहल’ बताते हुए सवाल उठाया कि इन आलीशान दफ्तरों के लिए पैसा कहाँ से आया?
देवेन्द्र यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ’शीशमहल’ बनाकर दिल्ली में शाही संस्कृति की नींव रखी, जिस पर चलकर भाजपा नेता भी आक्रामकता से आगे बढ़ा रहे हैं। एक ओर दिल्ली जलभराव, बिजली-पानी संकट और यमुना में जहरीले झाग से जूझ रही है, वहीं भाजपा नेता खुद के लिए वातानुकूलित महल बनाने में व्यस्त हैं, जबकि भाजपा दिल्ली से झुग्गी झौपड़ियों, प्रवासियों को उजाड़ने का काम कर रही है। 9 शामनाथ मार्ग जो कि पूर्व में स्पीकर का आवास था जिसको आज भी दिल्ली की वेबसाईट पर वर्तमान स्पीकर का निवास दर्शाया जा रहा है। यदि वह वर्तमान में स्पीकर का निवास नही है तो किसके लिए तैयार किया जा रहा है। इस पर देवेन्द्र यादव ने सवाल उठाया था। श्री यादव ने मांग की कि जनता के पैसों की फिजूलखर्ची पर विधानसभा में खुली बहस होनी चाहिए।
Link :1 https://x.com/INCDelhi/status/1942232257928057266;
Link:2 : https://x.com/INCDelhi/status/1941820822668312726
Link 3 : (https://delhi.gov.in/delhi-legislative-assembly)
देवेन्द्र यादव ने भाजपा अध्यक्ष द्वारा 150 दिनों में तीन ज़िला कार्यालयों के लोकार्पण को ‘शाही लूट की बेशर्म बानगी’ बताया और कहा कि यह दर्शाता है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भी इस लूट पर कोई ऐतराज़ नहीं है। देवेन्द्र यादव ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को जैड श्रेणी की सुरक्षा दिये जाने को ‘महापाप’ कहा था और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी आवास को ‘फूलकुमारी निवास’ करार दिया था, जहाँ 59 लाख रुपये में 14 एसी, 5 टीवी, 14 सीसीटीवी, झूमर आदि लगवाए गए। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के ’शौचमहल’ पर 95 लाख और अन्य सुविधाओं पर कुल 2.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाने को लेकर भी उन्होंने भाजपा की कथनी और करनी में अंतर उजागर करके जनता के सामने लाया है। देवेन्द्र यादव ने सवाल उठाया कि क्या यही बदलाव है? क्या भाजपा की ‘रेखा सरकार’ जनता के लिए नहीं बल्कि सत्ता के भोग-विलास के लिए आई है? उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की कि भाजपा की इस ‘शूट-बूट’ वाली संस्कृति को पहचाने और आवाज़ उठाए।