बाढ़ में फंसी ट्रेन, सभी 900 यात्री 17 घंटे बाद सुरक्षित निकाले गए

By: Dilip Kumar
7/27/2019 6:08:21 PM
नई दिल्ली

महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई से 100 किमी दूर बदलापुर-वांगनी के बीच बाढ़ के चलते शुक्रवार रात करीब 10 बजे महालक्ष्मी एक्सप्रेस फंस गई। इसमें 900 यात्री सवार थे। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 9 बजे सेना और एनडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दोपहर तीन बजे तक सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए। एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान ने कहा कि इनमें 9 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। वहीं, मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों जलभराव के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। मुंबई में शुक्रवार शाम से शनिवार दोपहर के बीच 219 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

खराब मौसम की वजह से लोगों को एयरलिफ्ट करने में परेशानी आ रही है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि वायुसेना और नौसेना के हेलिकॉप्टर सिर्फ हवाई सर्वे कर बेस पर लौट आए। दूसरी ओर, महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे के एक पेट्रोल पंप और रिजॉर्ट में फंसे 115 लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए सेना और एनडीआरएफ से मदद मांगी। शनिवार सुबह छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एमआईएएल) के पब्लिक रिलेशन अधिकारी के मुताबिक, 7 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 9 को डायवर्ट किया गया। अन्य उड़ानों में औसतन 30 मिनट की देरी हो रही। वहीं, कल्याण से कर्जत की सभी ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया।


comments